सोमवार, 16 जनवरी 2012

मेरे साथ हमेशा सब की चल जाती मनमानी है




तेरी याद चली आयी या मौसम की शैतानी है
ऐसा क्यों लगता है जैसे फिर से शाम सुहानी है 

तेरी यादों की दुनिया भी जालिम तेरे जैसी है 
पल भर में अपनी लगती है पल भर में बेगानी है 

तेरे पिंजरे का ये पंक्षी कब का उड़ना भूल गया 
धड़कन तो चलती रहनी है जब तक दाना पानी है 

तेरी जिन राहों पर मैंने बंदनवार सजाये थे 
वो राहें तेरे क़दमों की आज तलक  दीवानी हैं 

तुझको यादों में आना हो या फिर आँख छलकना हो 
मेरे साथ हमेशा सब की चल जाती मनमानी है 

या तेरी यादों में डूबूं या जमुना में डूब मरूं 
जोड़-घटाकर  मेरे हिस्से दो ही बातें आनी हैं 

मेरी आती-जाती सांसें पिया मिलन में बाधक हैं 
सोंच रहा हूँ आखिर कैसे ये दीवार गिरानी है 

कल 'आनंद' मिला था मुझको गुमसुम खोया-खोया सा 
कुछ पूछो तो हंस पड़ता है, पर  आँखों में  पानी है  

- आनंद द्विवेदी १६-०१-२०१२